बिलासपुर

फ्लेक्स बैनरों में केवल भाजपा विधायकों की तस्वीरें, कांग्रेस ने आपत्ति जताई
28-Jan-2026 2:24 PM
फ्लेक्स बैनरों में केवल भाजपा विधायकों की तस्वीरें, कांग्रेस ने आपत्ति जताई

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 28 जनवरी। 26 जनवरी के गणतंत्र दिवस पर जिले में लगाए गए आधिकारिक फ्लेक्स बैनरों को लेकर सियासी विवाद सामने आया है। आरोप है कि प्रचार सामग्री में केवल भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की तस्वीरें शामिल की गईं, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को नजरअंदाज किया गया।

इस मुद्दे पर 27 जनवरी को जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) का प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर से मिला। शहर अध्यक्ष सिद्धांत्शु मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में जिला प्रशासन के रवैये पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई। कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बनेगी।

शहर अध्यक्ष सिद्धांत्शु मिश्रा ने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व है, न कि किसी राजनीतिक दल का आयोजन। प्रोटोकॉल के अनुसार सभी विधायकों को पार्टी भेद से ऊपर समान सम्मान मिलना चाहिए। केवल सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों को प्रमुखता देना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा का रवैया लोकतंत्र और संविधान की भावना के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित परेड में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी परंपरागत प्रोटोकॉल के विपरीत पीछे बैठाया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का संकेत है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश व जिला स्तर के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व जनप्रतिनिधि, ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष, महिला व युवा इकाइयों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

 


अन्य पोस्ट