बिलासपुर
चीफ जस्टिस ने किया बुलंद दरवाजा और टैरेस गार्डन का उद्घाटन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 1 फरवरी। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट परिसर में 31 जनवरी की संध्या एक विशेष सांस्कृतिक आयोजन के नाम रही। एन ईवनिंग ऑफ म्यूजिकल हार्मनीशीर्षक से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में संगीत, अनुशासन और देशभक्ति की भावनाओं का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
इस अवसर पर रेलवे जोन मुख्यालय बिलासपुर के आरपीएफ की पाइप एवं ब्रास बैंड टीम ने अनुशासित और आकर्षक संगीतमय प्रस्तुति दी। विशेष रूप से ‘वंदे मातरम्’ की धुन ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति गीतों के साथ पारंपरिक और समकालीन संगीत की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। बैंड सदस्यों की तालमेल, सटीक परेड और संगीत कौशल की सराहना हुई।
कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश, रमेश सिन्हा ने बैंड की प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए कलाकारों के अनुशासन और संगीत उत्कृष्टता को सराहा। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सदस्यों को स्मृति-चिह्न और प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। इस संगीतमय संध्या को न्यायिक गरिमा के साथ सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने की सराहनीय पहल बताया गया।
इससे पूर्व मुख्य न्यायाधीश द्वारा हाईकोर्ट परिसर स्थित बुलंद दरवाजा एवं उससे लगे टैरेस गार्डन के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य परिसर की गरिमा, ऐतिहासिक महत्व और पर्यावरणीय सौंदर्य को संरक्षित व संवर्धित करना रहा। सौंदर्यीकरण कार्यों में संरचनात्मक सुधार, हरित विकास तथा परिसर को अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के प्रयास शामिल रहे, जिससे अधिवक्ताओं, वादियों और आम नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के सभी न्यायाधीश, महाधिवक्ता, उप महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता, अतिरिक्त एवं उप महाधिवक्ता, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री में पदस्थ न्यायिक अधिकारी, जिला न्यायपालिका के अधिकारी, न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


