बिलासपुर

कांग्रेस संगठन में अब उन्हीं को मिलेगा मौका, जो भाजपा से लड़ने का दम रखता हो : उमंग सिंघार
11-Oct-2025 1:03 PM
कांग्रेस संगठन में अब उन्हीं को मिलेगा मौका, जो भाजपा से लड़ने का दम रखता हो : उमंग सिंघार

संगठन सृजन अभियान के तहत बिलासपुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष ने कहा – एक महीने में नए जिला अध्यक्ष की घोषणा

बिलासपुर, 11 अक्टूबर। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस संगठन में जिला अध्यक्ष का पद अब सिर्फ उन्हीं कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा, जो भाजपा से सीधी टक्कर लेने की क्षमता रखते हों और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति पूरी तरह समर्पित हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया में युवा, अनुसूचित जाति-जनजाति और अल्पसंख्यक वर्ग को भी बराबर अवसर मिलेगा।

उमंग सिंघार बीते दो दिनों से बिलासपुर और मुंगेली जिले में ब्लॉक स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस भवन में पत्रकारों से कहा कि एक महीने के भीतर नए जिला अध्यक्ष की ताजपोशी हो जाएगी।

उन्होंने कहा, मैं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को चार पत्थर दूंगा, उनमें से एक हीरा तराशा जाएगा। सिंघार ने बताया कि यह प्रक्रिया 2028 के लोकसभा और 2029 के विधानसभा चुनावों की तैयारी का हिस्सा है, जिसमें नई पीढ़ी को नेतृत्व में लाने की पहल राहुल गांधी के निर्देशन में हो रही है।

पत्रकारों से चर्चा के दौरान सिंघार ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “अमित शाह बार-बार छत्तीसगढ़ का दौरा क्यों कर रहे हैं? क्या वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बचाने आए हैं या अडाणी-अंबानी के हितों की रक्षा के लिए?”
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के लिए नहीं, बल्कि उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बिजली बिल वृद्धि और विदेशी कंपनी के हाथों में स्मार्ट मीटर नियंत्रण को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

संगठन सृजन अभियान की जानकारी देते हुए सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी की दूरदर्शी सोच को ग्राम और ब्लॉक स्तर तक पहुंचाने का कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वर्ष 2025 को ‘संगठन सुधार वर्ष’ घोषित किया है, जिसकी शुरुआत छत्तीसगढ़ से हो रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब विचारधारा और सक्रियता आधारित संगठन तैयार कर रही है – “जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उतनी भागीदारी।”
अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन सृजन अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन को मजबूत करें।

 


अन्य पोस्ट