बीजापुर

सचिवों संघ का आंदोलन तेज, शुरू की भूख हड़ताल
15-Jan-2021 9:17 PM
 सचिवों संघ का आंदोलन  तेज, शुरू की भूख हड़ताल

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बीजापुर, 15 जनवरी। दो वर्ष की परीविक्षा अवधि पूर्ण करने के पश्चात सचिवों को शासकीय कर्मचारी घोषित करने की मांग को लेकर 20 दिनों से हड़ताल पर बैठे सचिवों संघ ने आंदोलन को तेज कर दिया है। सचिवों ने सरकार से अपनी मांगे मनवाने क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।

यहां जनपद पंचायत कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे सचिव संघ के सदस्य बीते 12 जनवरी से क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ रहे हैं। शुक्रवार को बीजापुर ब्लॉक के सचिव सुबोध पुजारी, सावित्री झाड़ी, लखमुराम तेलम, राजेश पुजारी व लक्ष्मी पुजारी भूख हड़ताल पर बैठे रहे। सचिव संघ के सदस्यों ने बताया कि प्रदेश भर में पंचायत सचिव 29 विभागों के 200 प्रकार के विभिन्न कार्यों को जमीनी स्तर पहुंचाते हैं। सचिवों का कहना है कि सन 1995 से सचिव काम करते आ रहे हैं, लेकिन 25 साल बीत जाने के बावजूद सरकार ने उन्हें शासकीय कर्मचारी घोषित नहीं किया। जबकि शिक्षाकर्मियों को संविलियन कर उन्हें शासकीय कर्मचारी घोषित किया गया।

सचिवों के बाद रोजगार सहायक संघ भी उतरा आंदोलन में

बीस दिनों से अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे सचिव संघ के बाद अब ग्राम रोजगार सहायक संघ भी अपनी लंबित मांगों को लेकर संयुक्त रूप से हड़ताल पर बैठ गए हैं। सचिव संघ व रोजगार सहायक संघ के हड़ताल पर चले जाने से पंचायतों के काम ठप पड़ गए हैं।


अन्य पोस्ट