बीजापुर
15 गांवों को राहत, अब शिकायत दर्ज कराने नहीं जाना पड़ेगा दूर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 21 नवंबर। नक्सल के खात्मे के बाद कभी दुर्गम और माओवादी प्रभाव के कारण पहुंच से दूर रहे नेशनल पार्क क्षेत्र में अब शासन-प्रशासन की पहुंच लगातार मजबूत हो रही है। इसी कड़ी में ग्राम पील्लूर में जिले के नवीन थाने का शुभारंभ किया गया। बस्तर के आईजी बद्रीनारायण मीणा ने फीता काटकर नवीन थाना पील्लूर का उद्घाटन किया। यह बीजापुर जिले का 24वां थाना है।
नवीन थाना खुलने से क्षेत्र के 15 गांवों के ग्रामीणों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। अब उन्हें अपनी शिकायत दर्ज कराने और पुलिस से संबंधित कार्यों के लिए दूरस्थ थानों तक नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर पुलिस की उपलब्धता बढऩे से ग्रामीणों को सुरक्षा, त्वरित सहायता और सुगम न्याय मिलने का रास्ता आसान होगा। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होने और शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
थाना पील्लूर के संचालन की जिम्मेदारी उप निरीक्षक हनीफ खान को सौंपी गई है, जिन्हें थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। नवीन थाना शुरू होने को नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के विस्तार और प्रशासनिक पहुंच के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य कविता कुड़ेम, जनपद पंचायत अध्यक्ष भोपालपटनम सरिता कोरसा, उपाध्यक्ष गणपत नीलम, जनपद सदस्य दिनेश मड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा, सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक बीएस नेगी, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, 214वीं वाहिनी के कमांडेंट मनीश शर्मा, 22वीं वाहिनी के कमांडेंट रणदीप सिंह, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप संचालक सुदेश सुरवाड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।