बीजापुर

नक्सल डम्प बरामद, नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट सहित कई उपकरण जब्त
23-Nov-2026 9:56 PM
नक्सल डम्प बरामद, नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट सहित कई उपकरण जब्त

संयुक्त सुरक्षा बल की सर्चिंग व एरिया डॉमिनेशन कार्रवाई में मिली संदिग्ध सामग्री, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 23 नवंबर। जिले क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना उसूर क्षेत्र के ग्राम गुंजेपर्ती के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सुरक्षा बल ने माओवादी गतिविधियों से संबंधित संदिग्ध डम्प बरामद किया है। बरामद सामग्री में नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना उसूर क्षेत्रांतर्गत ग्राम गुंजेपर्ती के जंगल-पहाड़ी में माओवादियों द्वारा संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बल द्वारा क्षेत्र में सर्चिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान 22 नवंबर को थाना उसूर से लगभग 20 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित गुंजेपर्ती के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध डम्प बरामद किया गया।

बरामद सामग्री में नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा, सोल्डरिंग मशीन, विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैटरी, चार्जर, टॉर्च, एलईडी लैंप, मल्टीमीटर, मेडिकल सामग्री तथा दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं शामिल हैं। मामले में थाना उसूर में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा बरामद सामग्री के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।

बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों के अभियान में सहयोग करें। किसी भी स्थान पर संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे न छुएं और तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें।


अन्य पोस्ट