बीजापुर
455 इलेक्ट्रिक और 500 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर समेत भारी मात्रा में सामान मिले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 6 नवंबर। बीजापुर जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के ग्राम पुजारीकांकेर के पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया विस्फोटक एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का बड़ा डंप बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में जिला बल और कोबरा 204 बटालियन की संयुक्त टीम को सफलता मिली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोबरा 204 बटालियन की आसूचना शाखा को क्षेत्र में माओवादियों द्वारा विस्फोटक एवं अन्य सामग्री छिपाकर रखे जाने की विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने पुजारीकांकेर के पहाड़ी-जंगली क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान गांव के दक्षिण-पूर्व दिशा में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया संदिग्ध डंप बरामद हुआ। सावधानीपूर्वक तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले।
बरामद सामग्री में 455 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 500 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर शामिल हैं। इसके अलावा दो मल्टीमीटर, दो रेडियो सेट बैटरी चार्जर कप, दो कॉपर प्रोटोटाइपिंग बोर्ड (पीसीबी), मल्टी यूएसबी पोर्ट कार्ड रीडर, मोबाइल चार्जर, लैपटॉप एडाप्टर, 12 वोल्ट एफएम/एएम एंटीना, टेलीस्कोपिक एंटीना, डेटा केबल, करीब आठ मीटर इलेक्ट्रिक वायर, रिले कंट्रोल सर्किट बोर्ड, स्नैप हुक सहित अन्य सामग्री एवं नक्सल साहित्य भी बरामद किया गया है।
सुरक्षा बलों की इस संयुक्त कार्रवाई को माओवादियों के विरुद्ध अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। थाना उसूर पुलिस द्वारा बरामद विस्फोटक एवं अन्य सामग्री को जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।