बीजापुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 1 नवंबर। बीजापुर से दुर्ग जा रही मनीष ट्रेवल्स की यात्री बस शनिवार रात नेलसनार थाना क्षेत्र में पलट गई। पाण्डेमुर्गा मोड़ के पास हुए इस हादसे में बस में सवार पांच यात्री घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
31 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे मनीष ट्रेवल्स की यात्री बस क्रमांक सीजी 07-सीसी-9655 बीजापुर से दुर्ग की ओर जा रही थी। इसी दौरान थाना नेलसनार क्षेत्रांतर्गत पाण्डेमुर्गा मोड़ के पास बस पलट गई। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे। दुर्घटना में पांच यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेलसनार पहुंचाया गया। वहीं, सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया। जवानों ने मौके पर राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
फिलहाल घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।