बीजापुर

पटवारियों पर दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने और 3 फीसदी डीए एरियर्स सहित देने की मांग
18-Nov-2026 9:46 PM
पटवारियों पर दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने और 3 फीसदी डीए एरियर्स सहित देने की मांग

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बीजापुर, 18 नवंबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, जिला बीजापुर ने बुधवार को कर्मचारियों की दो सूत्रीय मांगों को लेकर शासन के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बीजापुर को ज्ञापन सौंपा। फेडरेशन ने पटवारियों के अनिश्चितकालीन आंदोलन का सम्मानजनक निराकरण करने, आंदोलन में शामिल पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने तथा लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर्स सहित भुगतान करने की मांग उठाई।

ज्ञापन में फेडरेशन ने कहा कि छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहा है। पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका है। ऐसे में उनकी समस्याओं का संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के बजाय निलंबन, ब्रेक इन सर्विस और काम पर लौटने के नोटिस जैसी दंडात्मक कार्रवाई करना उचित नहीं है। इससे कर्मचारियों में असंतोष और आक्रोश बढ़ रहा है।

फेडरेशन ने मांग की कि पटवारियों के विरुद्ध की गई सभी दंडात्मक कार्रवाइयां तत्काल निरस्त कर उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए सम्मानजनक समाधान निकाला जाए।

वहीं दूसरी मांग में प्रदेश के शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत केंद्र के समान देय तिथि से एरियर्स सहित देने की मांग की गई। फेडरेशन का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच महंगाई भत्ता कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए आर्थिक राहत का महत्वपूर्ण माध्यम है। केंद्र और राज्य के कर्मचारियों के बीच महंगाई भत्ते का अंतर कर्मचारियों में असंतोष पैदा कर रहा है।

फेडरेशन ने शासन से दोनों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने की स्थिति में कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट