बीजापुर
बीजापुर, 15 अक्टूबर। जनपद प्राथमिक शाला एवं जनपद माध्यमिक शाला बीजापुर में 15 अक्टूबर को भारत के पूर्व राष्ट्रपति और मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती संयुक्त रूप से मनाई गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए तथा दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने डॉ. कलाम के जीवन, संघर्ष, वैज्ञानिक उपलब्धियों और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। विनोद तेलम, संदीप कुड़ियम, अनुज उईका, विकास कुड़ियम, प्रियंका साहू, आमना खातून, हुसैन खान, लव्यांश एंड्रिक, अश्वनी फूलमाद्री, रिजवान बेग, आशीष कोरसा एवं प्रदीप वाचम सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार प्रस्तुत किए।
संस्था के शिक्षक कैलाश रामटेके ने डॉ. कलाम की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में जन्मे डॉ. कलाम ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर देश-दुनिया में पहचान बनाई। उन्होंने भारत के अंतरिक्ष एवं मिसाइल कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अग्नि, पृथ्वी, आकाश, नाग और त्रिशूल जैसी मिसाइलों के विकास में उनकी भूमिका के कारण उन्हें ‘मिसाइल मैन’ कहा गया। वर्ष 2002 से 2007 तक उन्होंने भारत के 11वें राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा की।
डॉ. कलाम युवाओं को बड़े सपने देखने, निरंतर मेहनत करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते थे। उनका जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों से डॉ. कलाम के आदर्शों को अपनाने और देश की प्रगति में सहभागी बनने का आह्वान किया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका सुश्री रजनी लता सिंह एवं शिक्षक सुरेश कुमार नरेटी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन छात्र नायक राजू गटपल्ली ने किया।