बीजापुर

कलेक्टर-एसपी ने केरपे-करकेली में लगाई जनचौपाल, सुनी समस्याएं
12-Nov-2026 11:03 PM
कलेक्टर-एसपी ने केरपे-करकेली में लगाई जनचौपाल, सुनी समस्याएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 12 नवंबर। माओवाद के साए से बाहर निकलकर अब शांति और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहे बीजापुर जिले के अंदरूनी गांवों में प्रशासन की सक्रियता बढऩे लगी है। इसी कड़ी में गुरुवार को थाना बेदरे क्षेत्र के ग्राम केरपे एवं करकेली में कलेक्टर विश्वदीप और पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं और जरूरतें सुनीं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

जनचौपाल में अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र के माओवाद मुक्त होने के बाद अब स्थायी शांति स्थापित करने और विकास कार्यों को गति देने का महत्वपूर्ण अवसर मिला है। इस बदलाव को स्थायी बनाने में ग्रामीणों की भागीदारी और सहयोग बेहद जरूरी है। प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को प्राथमिकता के साथ समझकर विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी बाहरी असामाजिक तत्व के बहकावे में न आएं। जल, जंगल और जमीन के नाम पर गुमराह करने वाले तत्वों से सतर्क रहें और ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल बनाए रखने में ग्रामीणों की भूमिका अहम है।

इस दौरान स्थानीय युवाओं को बस्तर फाइटर्स भर्ती में आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही नक्सल पीडि़त परिवारों को भर्ती प्रक्रिया में शासन की ओर से मिलने वाली राहत और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे, एसडीएम, एसडीओपी फरसेगढ़, तहसीलदार, पटवारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट