बीजापुर

हड़ताली 4 पटवारी निलंबित, 66 को नोटिस
12-Nov-2026 11:03 PM
हड़ताली 4 पटवारी निलंबित, 66 को नोटिस

12 पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 12 नवंबर। जिले में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने हड़ताल में शामिल 4 पटवारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि 66 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा तहसील उसूर के 12 पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है।

कार्यालय कलेक्टर की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 83 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें से 66 पटवारी हड़ताल में शामिल हैं, जबकि 17 पटवारी हड़ताल में शामिल नहीं है।

हड़ताल में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने चार पटवारियों को निलंबित किया है। वहीं सभी 66 हड़ताली पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। दूसरी ओर तहसील उसूर के 12 पटवारियों की 13 अक्टूबर से हड़ताल समाप्त होने की तिथि तक की अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया गया है।

 प्रशासन का कहना है कि राजस्व संबंधी कार्यों के सुचारू संचालन और शासकीय दायित्वों के निर्वहन को सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट