बीजापुर

पटवारियों की हड़ताल को कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का समर्थन
23-Oct-2026 9:29 PM
पटवारियों की हड़ताल को कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का समर्थन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 23 अक्टूबर। बीजापुर जिले में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों को कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का समर्थन मिला है। हड़ताल के दसवें दिन फेडरेशन के जिला अध्यक्ष मोहम्मद जाकिर खान और जिला सचिव कैलाश रामटेके धरनास्थल पहुंचे और पटवारियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पटवारी संघ के प्रतिनिधियों एवं महिला पटवारियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

पटवारियों ने बताया कि वे लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। बरसात के मौसम में भी शासन-प्रशासन द्वारा सौंपे गए कार्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया जा रहा है। भारी बारिश के बीच काम करने के दौरान उन्हें सर्पदंश और बिच्छू के काटने जैसी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद उनकी समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जा रहा है।

पटवारियों की प्रमुख मांगों में 25 वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देना, वेतन विसंगति दूर करना और पीवी एप में आवश्यक सुधार करना शामिल है। पटवारियों ने आरोप लगाया कि हड़ताल के दौरान उन्हें स्थानांतरण, कारण बताओ नोटिस और निलंबन जैसी कार्रवाईयों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के पदाधिकारियों ने पटवारियों की मांगों का समर्थन करते हुए शासन-प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को परेशान करने के बजाय उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाना चाहिए।

फेडरेशन ने चेतावनी दी कि यदि पटवारियों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया गया और उनके खिलाफ दबाव बनाने वाली कार्रवाई जारी रही, तो कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन करेगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन से पटवारियों की जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर हड़ताल समाप्त कराने की दिशा में पहल करने की अपील की।


अन्य पोस्ट