बीजापुर

यातायात नियम तोडऩे वालों पर सख्ती
24-May-2026 10:07 PM
यातायात नियम तोडऩे वालों पर सख्ती

 23 प्रकरण दर्ज, 17 हजार जुर्माना वसूला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 24 मई। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस द्वारा तेज गति से वाहन चलाने, प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने तथा बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 23 प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान समन शुल्क के रूप में 17,100 जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। सडक़ सुरक्षा को लेकर समझाइश देते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।

यातायात प्रभारी उप निरीक्षक केशव ठाकुर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात संकेतों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, ताकि स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों का जीवन भी सुरक्षित रह सके।


अन्य पोस्ट