बीजापुर

संविधान दिवस: 6 दिसंबर को नारायणपुर में दौड़ेगा बस्तर, होगा 21 किमी मैराथन
24-Nov-2026 11:04 PM
संविधान दिवस: 6 दिसंबर को नारायणपुर में दौड़ेगा बस्तर, होगा 21 किमी मैराथन

सर्व समाज की बैठक में सामाजिक मुद्दों पर मंथन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 24 नवंबर। जिला मुख्यालय स्थित गोंडवाना भवन में 23 नवंबर को सर्व समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रमुखों ने हिस्सा लेकर आगामी 26 नवंबर संविधान दिवस एवं 6 दिसंबर डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लोगों को संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के नेतृत्व में तैयार भारतीय संविधान ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यकों सहित सभी नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की है।

इस दौरान उच्च न्यायपालिका, विश्वविद्यालयों एवं देश के अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में वंचित वर्गों के कम प्रतिनिधित्व पर चिंता जताई गई। साथ ही स्थानीय मूल निवासियों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई गई। सर्व समाज ने फर्जी निवास प्रमाण पत्र जारी करने वाले अधिकारियों एवं इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपने तथा भविष्य में ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की बात कही।

वहीं 6 दिसंबर को परिनिर्वाण दिवस पर नारायणपुर से भोंगापाल तक 21 किलोमीटर हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। एक बेहतर शांत बस्तर थीम पर आयोजित इस दौड़ में महिला एवं पुरुष वर्ग के प्रथम विजेता को 50 हजार, द्वितीय को 25 हजार तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। सांत्वना पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। सर्व समाज ने बस्तर संभाग के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

बैठक में गोंड समाज से जब्बा कामेश्वर, सन्नु हेमला, गुड्डू मोडिय़ाम, परधान समाज से राकेश गिरी, तेलंगा समाज से आदि नारायण पुजारी, कंवर समाज से कमलेश पैकरा, हल्बा समाज से भोला राम अमान, मरार समाज से मनोहर गुरला, के मदनैया,  उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट