बीजापुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 24 मई। पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत भाजपा जिला बीजापुर द्वारा डीएवी स्कूल, मांझीगुड़ा में आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में जिलेभर से पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाना, वैचारिक स्पष्टता प्रदान करना तथा पार्टी की कार्यपद्धति एवं जनसेवा के मूल सिद्धांतों से अवगत कराना रहा।
प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी, प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडे, टांकेश्वर जैन तथा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमन्त पाणिग्रही सहित वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानव दर्शन, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे समकालीन विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन देते हुए संगठन को आधुनिक तकनीक के अनुरूप मजबूत बनाने पर जोर दिया।
द्वितीय दिवस के प्रशिक्षण सत्रों में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट, सहकारी बैंक उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया, हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, वरिष्ठ नेता नवीन विश्वकर्मा, शैलेष दीक्षित तथा जिला पंचायत अध्यक्ष कांकेर किरण नरेटी ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने भाजपा के इतिहास एवं विकास, संगठन की कार्यपद्धति, संगठन विस्तार, कार्यकर्ता के गुण एवं आचरण, भाजपा के स्थायी कार्यक्रम तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही देश के समक्ष उपस्थित राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों पर भी चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का माध्यम है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति का आधार होता है।
समापन अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार, जिला महामंत्री संजय लुक्कड़, जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, जिला महामंत्री एवं मंच संचालक फूलचंद गागड़ा तथा जिला प्रशिक्षण वर्ग नियंत्रक दयाशंकर पटेल, मंडल अध्यक्ष अशोक राव सहित जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


