बीजापुर
दो दिनी जिला प्रशिक्षण वर्ग में संगठन मजबूती पर जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 22 मई। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का आज शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश से पहुंचे वरिष्ठ वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को विस्तारपूर्वक बताया।
प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन दीप प्रज्वलन एवं भारत माता तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का माध्यम है। कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
लता उसेंडी ने संगठन की मजबूती, अनुशासन, सेवा कार्य, बूथ सशक्तिकरण तथा जनसंपर्क को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ जनता के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए गए, जिनमें संगठनात्मक संरचना, सोशल मीडिया की भूमिका, राष्ट्रवादी विचारधारा तथा कार्यकर्ता विकास जैसे विषय शामिल रहे। इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश उपाध्यक्ष जी वेंकट, प्रदेश प्रवक्ता टिकेश्वर जैन, प्रदेश वक्ता शिवनारायण पांडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किरण उसेंडी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं निवर्तमान जिला अध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार संगठन प्रभारी दीपेश अरोरा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रशिक्षण वर्ग का अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने किया। प्रशिक्षण का रूपरेखा भाजपा जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा ने संभाला।
प्रशिक्षण वर्ग में संगठन सशक्तिकरण, विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण में जिले भर से भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा की बहने सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


