बीजापुर
महिलाओं ने लिया जनजागरण का संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 16 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा महिला मोर्चा बीजापुर द्वारा स्थानीय ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश नेतृत्व के आव्हान पर आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ हुई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराते हुए कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक आगे बढ़ाया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी का अवसर देगा। साथ ही यह महिलाओं के सम्मान, अधिकार और नेतृत्व क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जानकी कोरसा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष माया झाड़ी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जमुना सकनी, सरपंच नीता शाह, पूर्व उपाध्यक्ष रुक्मिणी कावरे एवं पत्रकार पुष्पा रोकड़े सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के पश्चात महिलाओं ने रैली निकालकर अधिनियम के समर्थन में जनसंदेश भी दिया।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। जिला पंचायत सदस्य सामंतीन कोरसा, प्रीति आरकी, भाजपा उपाध्यक्ष शकुंतला पाण्डे, जनपद अध्यक्ष पूर्णिमा तेलम (उसूर), दशहरी कोरसा (भैरमगढ़), सरिता कूड़ेम (भोपालपटनम) सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा उपाध्यक्ष पूजा पोनदी ने किया।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने एकजुट होकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। महिलाओं ने इसे जनजागरण का प्रभावी माध्यम बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि देश में महिला नेतृत्व को सशक्त बनाकर एक नए युग की शुरुआत करेगा।


