बीजापुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 13 अप्रैल। जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में बीते दिनों एक नाबालिग बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। इस अमानवीय वारदात के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने सोमवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में प्रेस वार्ता किया और भाजपा व छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला फूँका और जमकर नारेबाजी की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, जब से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी है, तब से बीजापुर समेत पूरे बस्तर संभाग में दुष्कर्म और महिलाओं-बच्चियों के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यह साफ दिखाता है कि भाजपा शासन में कानून का राज नहीं, बल्कि अराजकता और जंगलराज का राज चल रहा है।
विधायक ने भैरमगढ़ की घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए आगे कहा- एक तरफ भाजपा सरकार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का बड़ा-बड़ा नारा देती है, और दूसरी तरफ नाबालिग बच्चियों के साथ दरिंदगी हो रही है।
यह बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। भाजपा के राज में न तो बेटियां सुरक्षित हैं, न ही आम नागरिक। बीजापुर सहित पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सरकार के पास ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस योजना या इच्छाशक्ति नहीं है।
विधायक मंडावी ने आगे कहा, यदि सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो आने वाले दिनों में ऐसी घटनाओं के खिलाफ और भी उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सडक़ पर उतरने को मजबूर हैं। प्रेसवार्ता में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


