बीजापुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 16 जनवरी। आज नगर पालिका परिषद बीजापुर के अंतर्गत नया बस स्टैंड के पीछे चट्टान पारा से लगे क्षेत्र में वन मद की भूमि में अवैध रूप से किये गए अतिक्रमण को जिला प्रशासन द्वारा हटाया गया।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में ही इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तीन बार विगत वर्षों में जिला प्रशासन ने की थी। आज की कार्रवाई के पूर्व नगर पालिका परिषद बीजापुर द्वारा अतिक्रमणकारियों को तीन बार नोटिस जारी कर अवैध अतिक्रमण हटाने कहा गया था, किन्तु अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर के बाबा चिकटराज समिति द्वारा विगत दिनों आवेदन जिला प्रशासन को दिया गया था।
आज कलेक्टर बीजापुर के आदेश में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बीजापुर के निर्देश में राजस्व, पुलिस, वन विभाग, नगर पालिका परिषद बीजापुर की संयुक्त टीम द्वारा सुबह 8 बजे से अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रारम्भ किया गया। खबर लिखे जाने तक लगभग 80 से अधिक अतिक्रमणकारियों को शासकीय भूमि से बेदखल किया चुका था।


