बीजापुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 4 जनवरी। जिले में आदिकाल से निवासरत गोंडियन परधान आदिवासी समाज ने अपने आराध्य, गोंडवाना गोंडी धर्म धरती के प्रथम संगीत गुरु एवं गोंडी धर्माचार्य मुठवा पुनेम हीरासुका लिंगों बाबा की जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई। यह आयोजन समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तिरुमल सकनी चन्द्रैया, प्रांताध्यक्ष तिरुमल पी. लक्ष्मीनारायण एवं जिलाध्यक्ष कंडिक नारायण के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
हर वर्ष पौष माह की पूर्णिमा को पूरे भारतवर्ष में गोंडियन परधान आदिवासी समाज द्वारा हीरासुका लिंगों बाबा का जन्मोत्सव मनाया जाता है। इसी क्रम में बीते दिनों बीजापुर जिले में समाज के लोगों ने अपने-अपने घरों, गांवों, कस्बों, मोहल्लों, शहरों सहित ब्लॉक एवं जिला स्तर पर दीप प्रज्वलन कर जयंती मनाई।
बीजापुर जिला मुख्यालय स्थित परधान समाज कल्याण भवन में दिनभर जयंती की तैयारियों को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा। संध्या 7 बजे भवन एवं बाबा की प्रतिमा के चारों ओर दीप प्रज्वलित कर परिसर को प्रकाशमय किया गया। भवन में स्थापित मुठवा हीरासुका लिंगों बाबा की प्रतिमा पर जिला कोषाध्यक्ष तिरु. भानुप्रताप चिडिय़म द्वारा गोंडियन विधि-विधान से गोंगो सेवा अर्जी कर पूजा-अर्चना सम्पन्न कराई गई।
इस अवसर पर हीरासुका लिंगों बाबा सहित इष्टदेवों, कुल देवी-देवताओं एवं स्थानीय पुरखा पेनो की जयघोष के नारे लगाए गए। समाज के लोगों ने एक-दूसरे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ जनों के साथ युवा प्रांताध्यक्ष तिरु. राकेश गिरी, जिला सचिव तिरु. अरुण सकनी, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष तिरु. रामप्रसाद नक्का, युवा प्रकोष्ठ जिला सचिव रामप्रसाद गोरला सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


