बीजापुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 28 दिसंबर। जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा और विकास को नई दिशा देते हुए फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डोडीमरका में बीते दिनों नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैम्प की स्थापना सफलतापूर्वक की गई। माओवादियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के उद्देश्य से डीआरजी, जिला बल एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 7वीं वाहिनी ‘बी’ समवाय की संयुक्त टीमों द्वारा यह कैम्प स्थापित किया गया।
दुर्गम परिस्थितियों में साहसिक उपलब्धि
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, घने जंगलों एवं कड़ाके की ठंड के बावजूद सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और उच्च मनोबल का परिचय देते हुए इस महत्वपूर्ण कार्य को अंजाम दिया। यह उपलब्धि न केवल सुरक्षा की दृष्टि से अहम है, बल्कि इससे क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
अंतरराज्यीय संपर्क को मिलेगा बढ़ावा
यह कैम्प भोपालपटनम् से फरसेगढ़, सेण्ड्रा तथा गढ़चिरौली को जोडऩे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। आगामी समय में नेशनल पार्क क्षेत्र के सुदूर ग्रामों को सडक़ एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जोडऩे का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे आवागमन, प्रशासनिक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा।
सुरक्षा और विकास का समन्वय
नवीन सुरक्षा कैम्प की स्थापना से स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), मोबाइल नेटवर्क, सडक़ एवं पुल-पुलिया जैसी मूलभूत सुविधाएं सुलभ होंगी। इससे माओवादियों की अंतर्राज्यीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और क्षेत्र में स्थायी शांति व विश्वास का वातावरण बनेगा।
नक्सल उन्मूलन में उल्लेखनीय प्रगति
वर्ष 2024 से अब तक बीजापुर जिले में कुल 29 नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणामस्वरूप 923 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, 221 माओवादी मुठभेड़ों में मारे गए हैं तथा 1100 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रशासनिक नेतृत्व और समन्वित प्रयास
सुदूर क्षेत्रों में नक्सल उन्मूलन अभियान व विकासात्मक कार्यो की गति प्रदान करने हेतु पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर सुन्दरराज पी., पुलिस उप महानिरीक्षक रेंज दंतेवाड़ा कमलोचन कश्यप के मार्गदर्शन में तथा पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना, उप पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की, हरिश पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) सुदीप सरकार एवं अनुविभागीय अधिकारी फरसेगढ़ अमन लखीसरानी की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ शासन की नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत स्थापित किया गया।
जन-सुविधाओं का होगा विस्तार
कैम्प स्थापना से क्षेत्र में सडक़, पुल-पुलिया, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं, पीडीएस दुकानें, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी, आंगनबाड़ी एवं अन्य जन-सुविधाओं का तेज़ी से विस्तार सुनिश्चित होगा। इससे न केवल नक्सल विरोधी अभियानों को मजबूती मिलेगी, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा, विश्वास और उत्साह का माहौल भी बनेगा।
विकास की ओर मजबूत कदम
नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत इन क्षेत्रों में सडक़ बिजली पानी स्वास्थ्य शिक्षा मोबाइल टावर आंगनबाड़ी व अन्य जनसुविधाओं का तीव्र एवं समग्र विस्तार सुनिश्चित किया गया है।


