बीजापुर

भाजपा महिला मोर्चा की माया झाड़ी बनी जिलाध्यक्ष
18-Dec-2025 10:51 PM
भाजपा महिला मोर्चा की  माया झाड़ी बनी जिलाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 18 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बीजापुर जिले में महिला मोर्चा की नई जिलाध्यक्ष के रूप में माया झाड़ी की नियुक्ति की है। इस नियुक्ति को पार्टी के महिला संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।

नियुक्ति की घोषणा के बाद प्रदेश नेतृत्व से लेकर जिला संगठन तक में उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी राजपूत एवं महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा ने माया झाड़ी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा नई ऊंचाइयों को छुएगा।

अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए माया झाड़ी ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण से खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने महिलाओं की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक भागीदारी को बढ़ाने को अपनी प्राथमिकता बताया।

माया झाड़ी ने कहा कि भाजपा संगठन से उन्हें हमेशा प्रेरणा मिली है और उसी प्रेरणा के साथ वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों, विचारधारा और योजनाओं को महिलाओं तक पहुंचाएंगी। महिला मोर्चा को सशक्त करने, नए कार्यकर्ताओं को जोडऩे और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए ठोस रणनीति पर काम किया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री महेश गागड़ा,भाजपा  प्रदेश उपाध्यक्ष जी वेंकट, भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी माया झाड़ी का स्वागत किया और उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी है।

नव नियुक्त महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष माया झाड़ी के नेतृत्व में बीजापुर जिले में भाजपा महिला मोर्चा के और अधिक सक्रिय, संगठित और प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।


अन्य पोस्ट