बीजापुर

प्रदीप अध्यक्ष निर्वाचित, राजेन्द्र उपाध्यक्ष मनोनीत
13-Oct-2025 3:52 PM
प्रदीप अध्यक्ष निर्वाचित, राजेन्द्र उपाध्यक्ष मनोनीत

सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ब्लॉक अध्यक्ष का चुनाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 13 अक्टूबर। सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रांतीय आव्हान पर बीजापुर ब्लॉक अध्यक्ष पद हेतु बीते दिनों बीआरसी भवन, बीजापुर में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव पर्यवेक्षक प्रशांत पामभोई व रामचंद्रम बीरा की देखरेख में यह प्रक्रिया पूर्णत: लोकतांत्रिक तरीके से सम्पन्न की गई, जिसमें ब्लॉक के शिक्षकों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया।

ब्लॉक अध्यक्ष पद हेतु दो उम्मीदवारों प्रदीप साहनी एवं राजेन्द्र ठाकुर ने नामांकन दाखिल किया था। नाम वापसी की अंतिम तिथि तक कोई प्रत्याशी पीछे नहीं हटे, जिसके बाद 12 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक मतदान सम्पन्न कराया गया। कुल 213 मतदाताओं में से 151 शिक्षकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें प्रदीप साहनी को 97 मत मिले जबकि राजेन्द्र ठाकुर को 54 मत प्राप्त हुए। परिणाम स्वरूप प्रदीप साहनी को ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन पश्चात उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात उपस्थित शिक्षकों द्वारा प्रदीप साहनी का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर नव निर्वाचित अध्यक्ष श्री साहनी ने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के हित में मिलजुलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया के बाद राजेन्द्र ठाकुर को  उपाध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा गया। जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया, और उन्हें सर्वसम्मति से ब्लाक उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस अवसर पर संगठन के मार्गदर्शक विजेन्द्र भदौरिया ने दोनों प्रत्याशियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें संगठन की नई जिम्मेदारियों हेतु शुभकामनाएं दीं।

निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में राजेश मिश्रा, इकबाल खान, राकेश गिरी, सुशील हेमला, बाबूलाल गांधरला, मोहसिन खान, रमन झा, सुनील झाड़ी, लछिन्दर हेमला, गोपाल कृष्ण पांडे, दिलीप कुमार व सुखराम लेकाम का विशेष योगदान रहा।


अन्य पोस्ट