बीजापुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 29 मई। जिले में चलाये जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबल के जवानों ने हत्या, आगजनी व आईईडी प्लांट की घटना में शामिल रहे दो नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 14 मार्च 2024 को पेठा में एक ग्रामीण के मुखबिर होने के शक में हत्या करने की घटना में जन मिलिशिया सदस्य बुधराम उर्फ दुला निवासी पेठा थाना कुटरू को कुटरू के साप्ताहिक बाजार से पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि नक्सली बुधराम पुलिस पार्टी की रेकी करने के उद्देश्य से साप्ताहिक बाजार में आया हुआ था। जिसे जवानों ने पकड़ लिया। वहीं कुटरू थाना क्षेत्र के केतुलनार से एक मिलिशिया सदस्य लच्छु कतलम को पकड़ा गया। पकड़ा गया नक्सली 10 जनवरी 2022 को केतुलनार के ग्रामीण की हत्या, 4 फरवरी 2022 को मंगापेटा भैंसबाड़ा के पास हाईवा वाहन में आगजनी करने तथा 28 नवंबर 2023 को केतुलनार दरभा मार्ग पर आईईडी प्लांट करने की घटना में शामिल था।
इसके खिलाफ कुटरू थाना में 2 स्थाई वारंट लंबित हैं। बीजापुर पुलिस अधीक्षक द्वारा इस पर 10 हजार का ईनाम उद्दोषित हैं।