बीजापुर

सावन का पहला सोमवार, शिवालयों में उमड़ी भीड़
18-Jul-2022 9:40 PM
सावन का पहला सोमवार, शिवालयों में उमड़ी भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 18 जुलाई।
सावन के पहले सोमवार को यहां महादेव घाटी में स्थित शिव मंदिर में भक्तों की भीड़ सुबह से उमड़ी रही। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालुओं ने शिवालयों में गंगाजल, दूध, दही से जलाभिषेक कर बेलपत्र, चावल व पुष्प से भगवान शिव की पूजा की। नगर के अन्य शिव मंदिरों में भी जलाभिषेक को लेकर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

महादेव घाट मंदिर समिति के सदस्य पप्पू चौहान के मुताबिक श्रावण मास व शिव का भारतीय संस्कृति से गहरा मेल है। श्रावण के आते ही शिव भक्तों में पूजा अर्चना के लिए नई उमंग का संचार हो जाता है। शास्त्रों और पुराणों का कहना है कि श्रावण मास भोले बाबा को अत्यंत प्रिय है। इस माह में शिव अर्चना के लिए प्रमुख सामग्री बेलपत्र और धतूरा सहज सुलभ हो जाता है। शिव ऐसे देवता हैं, जिनकी पूजा-अर्चना की सामग्री के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होती। अगर कोई सामग्री उपलब्ध न हो, तो जल ही काफी है। भक्ति भाव के साथ जल अर्पित कीजिए और भगवान शिव को प्रसन्न कीजिए सावन का पहला सोमवार आज है। हिंदू पंचांग के अनुसार, श्रावण कृष्ण पक्ष तृतीया और सावन का पहला सोमवार है। हिंदू धर्म में सावन मास के साथ ही इसके सोमवार का भी विशेष महत्व होता है। इस महीने में भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की जाती है। सावन शुरू होते ही मंदिर व शिवालयों में हर-हर महादेव का उद्घोष उठने लगे , भक्तो ने सावन के पहले सोमवार को रुद्राभिषेक व जलाभिषेक कर मंदिरों में भगवान शिव की विधि विधान से पूजा की।


अन्य पोस्ट