बीजापुर

भाजपा की बैठक में छाया रहा भ्रष्टाचार का मुद्दा
31-Aug-2021 10:07 PM
 भाजपा की बैठक में छाया रहा भ्रष्टाचार का मुद्दा

पूर्व वन मंत्री ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 31 अगस्त। भाजपा संयुक्त मोर्चा की मंडल स्तरीय बैठक बीते दिनों आवापल्ली व भोपालपटनम में सम्पन्न हुई। बैठक में भ्रष्टाचार का मुद्दा छाया रहा।

शनिवार को उसूर ब्लॉक के मुख्यालय आवापल्ली व रविवार को भोपालपटनम में भाजपा मंडल की बैठक का आयोजन किया गया। दोनों ही बैठकों में पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा शामिल हुए और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व वनमंत्री महेश गागड़ा ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।

 उन्होंने कहा कि इन ढाई सालों में कांग्रेस सरकार ने भाजपा काल के कार्यों की रंगाई पोताई कराकर महज शिलान्यास कराने का काम किया हैं।

उन्होंने ठेकेदारी प्रथा में कमीशन व भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। साथ ही रेत माफियाओं को सरकार का संरक्षण होने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले में व्यापक भ्रष्टाचार होने के बावजूद विधायक की चुप्पी समझ से परे है।

पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं से निडर होकर काम करने का आह्वान किया, वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास कोई नीति नहीं है। लोगों से किया झूठा वादा अब इनके लिए गले की फांस बन गई है, और अब यही झूठ आने वाले दोनों में कांग्रेस के पतन का कारण बनेगी। उन्होंने कहा कि जिले में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है।

श्री मुदलियार ने कार्यकर्ता से अपील करते हुए कहा कि वे सरकार की विफलताओं को आम जनता तक पहुंचाएं। भोपालपटनम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने अलग-अलग समाज के लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं से रूबरू हुए। इस दौरान भाजपा के सभी मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यसमिति के सदस्य व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट