बेमेतरा
25 लाख की वित्तीय गड़बड़ी का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 27 फरवरी। छत्तीसगढ़ नगरी प्रशासन एवं विकास विभाग ने वित्तीय अनियमिताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए नगर पालिका में पदस्थ सीएमओ नरेश कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्यवाही कवर्धा नगर पालिका में उनके कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना में हुए बड़े घोटाले के मद्देनजर की गई है। उपसचिव भागवत जायसवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्मा पर आरोप है कि उन्हें मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन के दौरान सेवा प्रदाता कंपनी पर लगे 25 लाख 99 हजार रुपए से अधिक के अर्थ दंड की वसूली नहीं की। जिससे शासन को भारी आर्थिक क्षति हुई है। निलंबन की अवधि के दौरान उन्होंने उन्हें संयुक्त संचालक क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग में अटैच किया गया है। मामले की जड़े कवर्धा और खैरागढ़ में वर्मा के पदस्थापना के समय से जुड़ी है। पूर्व पार्षद और भाजपा नेता रामाधार रजक की शिकायतों के बाद हुई उच्च स्तरीय जांच में खुलासा हुआ कि सीएमओ रहते हुए नरेश वर्मा ने सेवा प्रदाता कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचने के उद्देश्य से अधिक भुगतान किया। शहरी विकास अभिकरण की परीक्षा रिपोर्ट और थर्ड पार्टी ऑडिट एजेंसी की जांच में स्पष्ट हुआ कि अर्थदंड की राशि वसूलने के बजाय उसे नजरंदाज किया गया। विभाग में पहले ही अधिकारी के वेतन 26 लाख,80 हजार 380 रुपए की वसूली का आदेश जारी किया था, लेकिन प्रथम दृष्टि दोषी पाए जाने पर कार्रवाई हुई।


