बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 2 फरवरी। बेमेतरा जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के संगठन द्वारा असंतोष व्यक्त किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की जिला अध्यक्ष विद्या जैन की सेवामुक्ति को लेकर संघ और कुछ कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं।
संघ के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती से संबंधित मुद्दों को लेकर विद्या जैन द्वारा जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त एक शिकायत के आधार पर उन्हें बर्खास्त किए जाने की कार्रवाई की गई। संघ का कहना है कि इस कार्रवाई के विरुद्ध विद्या जैन को उच्च न्यायालय से राहत मिली थी।
संघ के अनुसार हाल ही में विद्या जैन ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वितरित की गई साडिय़ों की गुणवत्ता को लेकर शिकायत जिला प्रशासन के समक्ष रखी थी। इसके बाद परियोजना अधिकारी, नवागढ़ द्वारा 27 जनवरी को एक सूचना जारी कर उन्हें सेवामुक्त किए जाने की जानकारी दी गई। सूचना में अपर कलेक्टर न्यायालय के 22 जनवरी के आदेश एवं उच्च न्यायालय के पूर्व आदेश की समय-सीमा का उल्लेख किया गया है।
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतें-संघ का कहना है कि नवागढ़ परियोजना सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती को लेकर शिकायतें की गई थीं। इस संबंध में नवागढ़ क्षेत्र की एक अभ्यर्थी द्वारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी। न्यायालय द्वारा अक्टूबर माह में सूचना प्राप्त होने के बाद दो माह के भीतर निराकरण के निर्देश दिए गए थे।
संघ के अनुसार अब तक इस संबंध में निर्णय नहीं लिया गया है।
अन्य मुद्दों पर भी उठाए गए प्रश्न-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ ने खनिज मद से आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में परिवर्तित करने के लिए पूर्व में स्वीकृत राशि के उपयोग को लेकर भी जानकारी मांगी है। संघ का कहना है कि विभाग से इस संबंध में विवरण उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।
संघ ने यह भी मांग की है कि बीते दो वर्षों में आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित विभिन्न मदों में की गई खरीदी और भुगतान की जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।


