बेमेतरा
प्राचार्य, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 21 दिसंबर। संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग दुर्ग आरएल ठाकुर की अध्यक्षता में जिले के समस्त प्राचार्य शासकीय हाई एवं हायर सेकण्डरी स्कूल, समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों की बैठक शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जीआर चतुर्वेदी, जिला मिशन समन्वयक आरके वर्मा, कार्यालय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के सहायक संचालक एसएल धुरंधर उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए संयुक्त संचालक ठाकुर ने नव पदस्थ प्राचार्यों का बैठक में स्वागत किया तथा कहा कि आपको प्राप्त दायित्व नया नहीं है। आप पहले भी इस दायित्व का निर्वहन करते रहे हैं फर्क सिर्फ इतना है कि तब आप सहयोगी के रूप में इन दायित्वों का निर्वहन करते थे। अब आप नेतृत्वकर्ता के रूप में दायित्व निर्वहन करेंगे। विभाग को आपसे अपेक्षाएं बहुत हैं और ऐसी अपेक्षा है कि आप सब इन अपेक्षाओं में खरा उतरेंगे।
संयुक्त संचालक ठाकुर ने कहा कि विभाग में संकुल प्राचार्य व्यवस्था 2020 से लागू होने के बावजूद भी ग्राउंड लेबल पर इसका इम्प्लीमेंटेशन नहीं दिखता। शिक्षा गुणवत्ता में सुधार को ध्यान में रखते हुए यह अत्यंत आवश्यक है कि संकुल प्राचार्य अपने विद्यालय के साथ ही साथ अपने संकुल के समस्त शासकीय प्राथमिक पूर्व माध्यमिक विद्यालयों की जानकारी रखें। शिक्षा गुणवत्ता में सुधार हेतु समस्त विद्यालयों हेतु एक कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। संकुल के समस्त विद्यालयों के सतत निरीक्षण हेतु भी एक रूपरेखा का निर्माण करें ताकि आवश्यक सुधार किए जा सकें। संयुक्त संचालक ठाकुर ने कहा कि अर्धवार्षिक परीक्षा के उत्तरपुस्तिका की जांच विषय शिक्षकों द्वारा की जा रही है। इस जाँच के दौरान प्राचार्य भी विषय शिक्षकों द्वारा जांची गई उत्तरपुस्तिकाओं का सरसरी तौर पर अवलोकन करें तथा यदि सुधार के कोई निर्देश की आवश्यकता हो तो संबंधित विषयक शिक्षक को देवें।
उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान रखते हुए तैयार कार्ययोजना के आधार पर कार्यवाही पर बल देते हुए कहा कि सभी प्राचार्य यह सुनिश्चित करें कि समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण हों तथा रिव्हिजन के लिए भी पर्याप्त समय हों। अपने विद्यालय के समस्त विषय शिक्षकों की बैठक लेकर बच्चों की कठिनाई वाली बिंदुओं पर विशेष ध्यान देते हुए बच्चों को बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करवाएँ। विषय शिक्षकों से बैठक के दौरान यह भी चिन्हांकित करने की कोशिश करें कि विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 10वीं एवं 12वीं के कितने विद्यार्थी 80 प्रतिशत से अधिक अंक, कितने विद्यार्थी 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर सकते हैं।
संयुक्त संचालक ठाकुर ने कहा कि समस्त अधिनस्थ कर्मचारियों की सेवापुस्तिका की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करें साथ ही पेंशन प्रकरण एवं न्यायालयीन प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटान करावें।


