बेमेतरा

अवकाश का आवेदन ऑनलाइन ही मान्य होगा
11-Oct-2025 4:36 PM
अवकाश का आवेदन ऑनलाइन ही मान्य होगा

सहायक संचालक ने ली बीईओ, बीआरसी एवं प्राचार्यों की  बैठक

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 11 अक्टूबर। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सहायक संचालक एस पी कोशले ने जिले के चारों विकासखंड के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक और सभी प्राचार्यों की आवश्यक बैठक ली।

बैठक में सहायक संचालक एसपी कोशले ने सभी प्राचार्यों को संबोधित करते हुए कहा कि एक पेड़ मां के नाम योजना के तहत हम अपने निर्धारित लक्ष्य से बहुत पीछे हैं। बार-बार निर्देश देने के बावजूद भी हम बहुत पीछे हैं। कल तक 100 फीसदी लक्ष्य की पूर्ति करने सभी प्राचार्यों को सख्त निर्देश दिए। साथ ही साथ स्वच्छ एवं हरित विद्यालय के लिए भी उन्होंने कल तक का समय दिया है। शाला त्यागी बच्चों की संख्यात्मक जानकारी भी सोमवार तक अनिवार्य रूप से भेजने सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया। शाला भवन की रंगाई पोताई अति शीघ्र कर फ्रंट का फोटो ग्रुप में भेजने कहा। साथ ही साथ आईसीटी का उपयोग निरंतर करने के निर्देश दिए।

काम करना व करवाने की क्षमता को पहचानें

सहायक संचालक एसपी कोशले ने कहा कि कार्य करने अथवा करवाने की क्षमता के आधार पर माह नवंबर से सभी प्राचार्यों, प्रभारी प्राचार्यों की ग्रेडिंग की जाएगी। यह प्रक्रिया आप अपने संकुल के शालाओं में अपनाये और अच्छे एवं कमजोर शालाओं की पहचान करें। सभी संकुल प्राचार्य प्रत्येक माह कम से कम एक बार संकुल के सभी शालाओं की मॉनिटरिंग करें एवं उन्हें क्षमता विकास के लिए लिखित आवश्यक सुझाव प्रदान करें। जाति निवास प्रमाण पत्र की प्रगति लक्ष्य एवं उपलब्धि की जानकारी अति शीघ्र दे। सरस्वती निशुल्क साइकिल वितरण योजना की भी जानकारी ली और कहा कि कहां-कहां वितरण नहीं हुआ है इसकी जानकारी तत्काल देवे। सर्विस बुक संधारण की अद्यतन स्थिति की जानकारी देवें। सर्विस वेरिफिकेशन वेतन वृद्धि अर्जित अवकाश मेडिकल अवकाश की प्रविष्टि आदि की अद्यतन स्थिति की जानकारी तत्काल देवे।

अवकाश पोर्टल में आवेदन पेंडिंग न रहे

व्यवसायिक शिक्षा यू डाइस एंट्री को सभी प्राचार्य अति शीघ्र पूर्ण करें। अवकाश आवेदन संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि अवकाश पोर्टल में कोई भी आवेदन पेंडिंग ना रहे, इस बात का ध्यान रखें। कोई भी शिक्षक कर्मचारी अवकाश लेने के लिए ऑनलाइन ही आवेदन करेंगे वही मान्य होगा। त्रैमासिक परीक्षाफल के आधार पर विद्यार्थियों की ग्रेडिंग करें। विषयवार और ओवलआल, खास तौर पर बोर्ड कक्षाओं की ग्रेडिंग करना अनिवार्य है। उच्च कार्यालय के समस्त निर्देशों का निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करने की संस्कृति, न केवल अपनी शालाओं में बल्कि संकुल के समस्त शाला में विकसित करने सभी प्राचार्य को निर्देशित किया।

परख सर्वे अगले महीना होगा - साहू

डाइट के व्याख्याता व परख सर्वें के जिला नोडल थलज कुमार साहू ने परख सर्वे से संबंधित जानकारी देते हुए बताया की आगामी महीना में परख सर्वे का कार्य जिले के चयनित स्कूलों में किया जाएगा। इसके लिए सभी प्राचार्य तैयार रहें। यह परीक्षा कक्षा 3, 6 और कक्षा 9 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाती है। परख सर्वे के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए थलज कुमार साहू ने कहा कि बच्चों की उपलब्धि, उनकी दक्षता को जांचना ही इसका उद्देश्य है। बच्चों में मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान की कितनी समझ विकसित हुई है इसे जानना और समझना परख सर्वे का उद्देश्य है। इसमें तीन तरह के विद्यालयों को लिया जाता है पहला केंद्र सरकार द्वारा संचालित विद्यालय, दूसरा राज्य सरकार के द्वारा संचालित विद्यालय और तीसरा निजी विद्यालय। परख सर्वे का कार्य डाइट के छात्र अध्यापक फील्ड इन्वेस्टिगेटर के रूप में यह कार्य करते हैं। इस सर्वे के आधार पर यह आंकलन किया जाता है कि हम किस क्षेत्र में कमजोर हैं। वर्ष 2024 में हुए परख सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक कक्षा नवमी के राष्ट्रीय उपलब्धि प्रतिशत के बराबर ही हमारी छत्तीसगढ़ राज्य की उपलब्धि का प्रतिशत है।


अन्य पोस्ट