बेमेतरा

सीएम 9 को बेमेतरा में तैयारियों की समीक्षा
07-Oct-2025 3:58 PM
सीएम 9 को बेमेतरा में  तैयारियों की समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 7 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगामी 9 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रवास एवं विभिन्न लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रमों के मद्देनजऱ जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम बेसिक स्कूल मैदान में होना प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन के पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सोमवार की सुबह 10 बजे बेसिक स्कूल मैदान पहुंचकर मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा परिधि, यातायात नियंत्रण एवं आमजन की सुविधा से संबंधित तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल पर उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण किए जाएं ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के समय किसी भी प्रकार की कमी न रहे।

मैदान में बैठक एवं तैयारी की समीक्षा

कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ मैदान में ही बैठक आयोजित कर पंडाल, मंच, विद्युत, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया कर्मियों के लिए स्थान, पार्किंग व्यवस्था तथा आम जनता की बैठने की सुविधा की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिए।

 साथ ही लोक निर्माण विभाग को सडक़ों की मरम्मत, रंग-रोगन और सजावट के कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। नगर पालिका को मैदान की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था स्थल पर रखने के निर्देश दिए गए।

 

कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए दिशा-निर्देश

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कलेक्टोरेट स्थित दिशा सभाकक्ष में सभी जिला अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन कार्यक्रम के विस्तृत प्रोटोकॉल और अधिकारियों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वागत, मंच संचालन, सुरक्षा, मीडिया समन्वय और नागरिक सुविधा से जुड़ी हर व्यवस्था पूर्व निर्धारित समय से पहले पूर्ण होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों के प्रति सजग रहें और समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को टीम बनाकर कार्य की मॉनिटरिंग करने और दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रवास के दौरान जिले में कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़, जलप्रदाय और ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे और जिले के विकास के लिए नई योजनाओं की घोषणाएं भी कर सकते हैं।


अन्य पोस्ट