बेमेतरा

बिरनपुर कांड भाजपा का षडय़ंत्र, सीबीआई की चार्जशीट से खुलासा -विकास उपध्याय
06-Oct-2025 3:51 PM
बिरनपुर कांड भाजपा का षडय़ंत्र, सीबीआई की चार्जशीट से खुलासा -विकास उपध्याय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 बेमेतरा, 6 अक्टूबर।  बिरनपुर में हुए सांप्रदायिक दंगे के मामले में कल दोपहर 12 बजे राजीव भवन में कांग्रेस की प्रेस वार्ता हुई। जिसमे मुख्य रूप से पत्रकारवार्ता प्रभारी के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पूर्व विधायक रायपुर पश्चिम विकास उपाध्याय, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उपाध्याय ने कहा कि बिरनपुर हत्याकांड दो परिवार एवं संप्रदाय के बीच का झगड़ा था जिसे राजनीतिक षड्यंत्र के तहत भारतीय जनता पार्टी ने सांप्रदायिक दंगा का रूप दिया। इस घटना में भाजपा के शीर्ष नेताओं ने अपनी भूमिका निभाई, जहां उन्होंने आग में घी डालने का काम किया। उन्होंने भाजपा पर सीबीआई की चार्ज शीट के आधार पर राजनीतिक षड्यंत्र के गंभीर आरोप लगाए। यह सारा षडय़ंत्र विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखकर रचा गया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य हरीश साहू, शशिप्रभा गायकवाड, अध्यक्ष जनपद पंचायत बेरला माधुरी रवि परघनिया, जनपद उपाध्यक्ष बेमेतरा मिथिलेश वर्मा, राजमहंत विजय बघेल, वरिष्ठ कांग्रेसी सुरेंद्र तिवारी, टीआर जनार्दन, सनतधर दीवान, सिद्दीक खान, घनश्याम देवांगन, शिरीष शर्मा, प्रांजल तिवारी, दीपक दिनकर, राजू साहू, अजय सेन, प्रज्जवल वर्मा, सिद्धांत दीवान सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे। मृतक के पिता भारतीय जनता पार्टी की कठपुतली बनकर नाच रहे थे: मृतक के पिता व वर्तमान विधायक ईश्वर साहू भारतीय जनता पार्टी के कठपुतली बनकर नाच रहे थे। भारतीय जनता पार्टी ने जो सिखाया वह उसी की भाषा में बोल रहे थे। पूरी सीबीआई की चार्ज शीट में अंजोर यदु का नाम नहीं है जिसे कांग्रेस पार्टी के नेताओं से जोडक़र दुष्प्रचार किया जा रहा था।

साजा विस का प्रत्येक व्यक्ति चौबे का परिवार

घटना के पश्चात स्थानीय विधायक व पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे के द्वारा पीडि़तों को सांत्वना देने बिरनपुर नहीं पहुंचने के सवाल पर उपाध्याय ने कहा कि चौबे एक या दो बार के नहीं क्षेत्र के आठ बार विधायक रह चुके हैं। उनका विधानसभा क्षेत्र के एक-एक व्यक्ति से व्यक्तिगत संबंध है विधानसभा साजा उनका परिवार है। इस घटना की पीड़ा उनको भी हुई है।

 

षडय़ंत्र का नुकसान कांग्रेस पार्टी को हुआ

षडय़ंत्र का नुकसान कांग्रेस पार्टी को हुआ। जहां दो संप्रदायों के बीच विद्वेष पैदा कर इसका लाभ विधानसभा चुनाव में लिया गया। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दो परिवारों के बीच हुए हत्याकांड को दंगे का रूप देने घटनास्थल बिरनपुर गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने ग्रामीणों को भडक़ाया।

भाजपा जहां चुनाव नहीं जीत पाती वहां सांप्रदायिक दंगे फैलाती

सीबीआई की चार्ज सीट से बिरनपुर कांड की सच्चाई सामने आ गई। भारतीय जनता पार्टी जहां चुनाव नहीं जीत पाती वहां इस प्रकार से सांप्रदायिक दंगे फैलाकर अपना एजेंडा पास कराना चाहती है।

चाहे उसमें कितने भी लोगों की जान चली जाए।


अन्य पोस्ट