बेमेतरा

भूजल स्तर नीचे गिर रहा, प्रशिक्षण के जरिए सहेजने की दी जानकारी
05-Oct-2025 2:43 PM
भूजल स्तर नीचे गिर रहा, प्रशिक्षण   के जरिए सहेजने की दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 5 अक्टूबर। नगरपालिका परिषद में भूगर्भ जल संरक्षण और संवर्धन के लिए नगर पालिका के इंजीनियरों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। भारत सरकार के शहरी और आवासीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल इंस्टीट्यूट फार अर्बन अफेयर्स द्वारा नाबार्ड कंसल्टेंसी सर्विसेस को बेमेतरा शहर में भूगर्भ जल के स्तर के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कलस्टर पार्टनर नियुक्त किया है। नाबार्ड कंसल्टेंसी सर्विसेस के राणा चटर्जी एवं गंगदास सैनी ने प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में नगर पालिका सीएमओ नरेश वर्मा, अध्यक्ष विजय सिन्हा, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पार्षद पंचू साहू, गौरव साहू, विकास तबेली, नीतू कोठारी, आकीब मलकानी, राजकुमार खांडे, निखिल साहू, लक्की साहू एवं एसडीओ पीएचई विभाग शामिल हुए।

संरक्षण और संवर्धन वैज्ञानिक तरीके से किया जाना आवश्यक

अभियंताओं को दिए गए तकनीकी प्रशिक्षण कार्यशाला में नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि शहर में तेजी के साथ भूगर्भ जल का स्तर नीचे गिरा है। ऐसे में इसका संरक्षण और संवर्धन कार्य वैज्ञानिक तरीके से किया जाना अत्यंत आवश्यक है। अध्यक्ष ने अभियंताओं को शहर में जल संरक्षण कार्य को प्राथमिकता से करने कहा।

 

हर बूंद बचाना राष्ट्र निर्माण में योगदान

सिन्हा ने जल संरक्षण को लोक व्यवहार का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि हम शादी-ब्याह, कार्यक्रमों में पानी की बोतल उठाते हैं। दो घूंट पीकर बाकी फेंक देते हैं। ऐसी आदतें बदलनी होंगी। पहले शहरों में कितने तालाब थे, वे समाप्त हो रहे हैं।

तालाबों, नदियों में सीवर, नाली का पानी गिर रहा है। समझाना होगा कि यह वह पवित्र जल है जिसे हम पीते हैं। हर नागरिक को यह जिमेदारी उठानी होगी। जलाशयों में कूड़ा, गंदगी, प्लास्टिक डालने से रोकना होगा। पानी की हर बूंद बचाना राष्ट्र निर्माण में योगदान देने जैसा है।


अन्य पोस्ट