बेमेतरा

यज्ञ से न केवल वातावरण शुद्ध होता है, बल्कि मन और समाज भी पवित्र बनता है- कल्पना योगेश
28-Sep-2025 8:54 PM
यज्ञ से न केवल वातावरण शुद्ध होता है, बल्कि मन और समाज भी पवित्र बनता है- कल्पना योगेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 28 सितंबर। ग्राम सिलघट में गायत्री यज्ञ 108 कुंड भूमि पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माँ गायत्री से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलकामना के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। इस धार्मिक अनुष्ठान की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी थीं।

उन्होंने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का प्राण है। यज्ञ से न केवल वातावरण शुद्ध होता है, बल्कि मन और समाज भी पवित्र बनता है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में संस्कार जागृत होते हैं, समाज में सद्भाव और भाईचारे की भावना प्रगाढ़ होती है तथा समस्त क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

 उन्होंने आगे कहा कि आज आवश्यकता है कि हम सभी अपनी संस्कृति और परंपराओं को आत्मसात करें। गायत्री यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है, जो हमें एकजुट होकर सेवा, सद्भाव और संस्कारों के मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। आयोजन में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि यज्ञ के माध्यम से जागृत हुए संस्कारों को समाज में फैलाया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, डॉ. खेमराज साहू, भाजपा प्रदेश मंत्री संध्या परगनिहा, सदस्य सत्यभामा परगनिहा, दुर्गाप्रसाद टिकरिहा, सुखदेव वर्मा, पीआर सिन्हा बेरला परियोजना अधिकारी, डॉ. विद्यानंद बोरकर, ब्रजेश शर्मा सहित जिला गायत्री परिवार के पदाधिकारी एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट