बेमेतरा
बेमेतरा, 27 सितंबर। दशहरा उत्सव की तैयारियों के संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने शुक्रवार को दशहरा मैदान का निरीक्षण किया। सिन्हा ने कहा कि कई वर्षों से शहर का यह मैदान दशहरा उत्सव का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां हर वर्ष नगर पालिका एवं राम मंदिर उत्सव समिति द्वारा भव्य और ऐतिहासिक दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाता है। सिन्हा ने तय समयावधि में तैयारियों को पूर्ण करने तथा भव्य, अनुशासित और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करने के लिये संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दशहरा उत्सव को लेकर नगर पालिका एवं प्रशासन की बैठक आगामी 2 अक्टूबर को शहर के दशहरा उत्सव को लेकर नगर पालिका एवं जिला प्रशासन के बीच जिला पंचायत सभा कक्ष में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दशहरा उत्सव की तैयारी को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मंडी प्रांगण में दो अक्टूबर को दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। बैठक में कलेक्टर रणवीर शर्मा, एसएसपी रामकृष्ण साहू, अपर कलेक्टर अनिल बाजपेई, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य राजेंद्र शर्मा, पार्षदगण, राम मंदिर समिति के सदस्य आदि शामिल हुए। बैठक में दशहरा की तैयारी से संबंधित कार्य योजना पर चर्चा कर उसके क्रियान्वयन के लिए सुझाव लिए गए ताकि इस वर्ष भी भव्य रूप से दशहरा उत्सव मनाया जा सके।
व्यवस्था बनाने के दिए निर्देश
नपा अध्यक्ष ने बताया कि दर्शकों के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। मैदान के आसपास यातायात को सुचारू रखने के लिये विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा। नागरिकों के लिए सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा दल एवं अग्निशमन दल तैनात किए जाएंगे। सिन्हा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक व्यवस्था इतनी सुदृढ़ हो कि आने वाले नागरिक बिना किसी असुविधा के उत्सव का आनंद ले सकें।
सफाई व्यवस्था बनाए रखने की अपील
नपा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने दुकानदारों एवं नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि दशहरा उत्सव स्थल पर सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखें ताकि आसपास का वातावरण स्वच्छ एवं साफ रहे और हमारा शहर सुंदर नजर आए। गंदगी से होने वाली विभिन्न प्रकार की बीमारियों से आप सब नगरवासी सुरक्षित रह सके।


