बस्तर

ई सेमीनार में बस्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 जून। भारतीय जनता पार्टी कोरोना संकट काल को चुनौती के रूप में स्वीकार कर अपने कार्यकर्ताओं को जनसेवा करते निरंतर सहयोग कार्य करने प्रेरित कर रही है। आज पूर्व मंत्री कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू ने ई सेमीनार में बस्तर जिले के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया व कोरोना आपदा में सुरक्षा के साथ सतत् जन सेवा कार्य करने आह्वान किया।
पूर्व मंत्री श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समूचा देश कोराना संकट का मुकाबला कर रहा है। पिछले एक वर्ष से सारा विश्व इस भयावह महामारी की चपेट में है। ऐसे विपरीत समय देश व देशवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिये केन्द्र सरकार बिना रूके कार्य कर रही है। कोरोना से बचाव के लिये देश में ही जीवनरक्षक वैक्सीन तैयार की गयी और सभी देशवासियों के लिये लगातार टीकाकरण अभियान युद्धस्तर पर चल रहा है।भाजपा कार्यकर्ता मानवता के साथ जनसेवा व राष्ट्र सेवा में लीन है।यह अनुकरणीय कार्य सतत् रूप से निष्ठावान कार्यकर्ता करते रहेंगे।
श्री साहू ने कहा कि 24 मार्च 2020 को बडा़ निर्णय लेते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूरे देश में लाकडाउन लगाने की घोषणा की। यह कोरोना के खिलाफ लडा़ई का पहला कदम था।जिसे देश की जनता ने भरोसे के साथ स्वीकार किया।आज सारा देश कोरोना महामारी से लड़ते हुए आगे बढ़ रहा है।प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कोरोना वारियर्स के साथ देश की जनता का मनोबल बढ़ाया है।
श्री साहू ने कहा कि ऐसे कठिन समय में कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियाँ जनता की सेवा में आगे आने के बजाय आलोचना व राजनीति ही करती रही।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वास्थ्य सुरक्षा के लिये राशि में 135 प्रतिशत की वृद्धि की है,वहीं प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ में महज 33 फीसदी वृद्धि स्वास्थ्य सुरक्षा में की है। प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निजी अस्पतालों को अनुदान देने का अव्यव्हारिक निर्णय लिया है,जिसे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ही अनुचित ठहरा दिया है।यह सब बातें स्वमेव बताती हैं कि कोरोना के कठिन समय में प्रदेश की जनता की स्वास्थ्य की कोई चिंता मौजूदा कांग्रेस सरकार को नहीं है।
ई सेमीनार को भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री रामाश्रय सिंह व आभार प्रदर्शन वेदप्रकाश पांडे ने किया।
ई सेमीनार में पूर्व सांसद दिनेश कश्यप,बस्तर प्रभारी लोकेश कावडिय़ा, डॉ.सुभाऊ कश्यप,पूर्व विधायक संतोष बाफना, श्रीनिवास राव मद्दी, कमलचंद भंजदेव, विद्याशरण तिवारी, शेषनारायण तिवारी,योगेन्द्र पांडे, श्रीनिवास मिश्रा, रजनीश पाणिग्रही, नरसिंह राव, व्हीएस राजपूत, बाबुल नाग, सुरेश गुप्ता, सुब्रतो विश्वास, राजेन्द्र बाजपेयी, अविनाश श्रीवास्तव,आलोक अवस्थी, संतोष त्रिपाठी, मनोज पटेल,बी जयराम, प्रवीण सांखला, अजय श्रीवास्तव, तेजपाल शर्मा, महेश कश्यप, ममता पोटाई,लोकेन्द्र ठाकुर आदि सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे।