बस्तर

भूपेश सरकार ने आदिवासियों के साथ किया छल- दिनेश कश्यप
17-Jun-2021 8:41 PM
 भूपेश सरकार ने आदिवासियों के  साथ किया छल- दिनेश कश्यप

   भाजपाइयों ने विधायक निवास घेरा, सौंपा ज्ञापन    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
जगदलपुर, 17 जून।
प्रदेश सरकार को आदिवासियों के साथ किये गये वायदे को याद दिलाने आज भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष व पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के नेतृत्व में अजजा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बस्तर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष व कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल के निवास का घेराव किया। साथ ही नारेबाजी के साथ संबंधित विषय पर ज्ञापन भी सौंपा।

भारतीय जनता पार्टी का रूख राज्य सरकार के ढाई वर्ष पूर्ण होने पर आक्रामक बना हुआ है। आज बस्तर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष के निवास का घेराव कर भाजपा ने अपने तेवर दिखा दिये हैं। 
भाजपा अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में चुनाव जीतने के लिये जनता के साथ झूठे वायदे किये। ढाई साल का समय बीतने के बाद भी कोई भी वायदा इस भूपेश सरकार ने पूरा नहीं किया है। युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों व किसानों को अपने झूठे वायदों से कांग्रेस ने छला है। छत्तीसगढ़ के आदिवासियों के साथ भी मौजूदा कांग्रेस सरकार धोखा कर रही है। वन संपदा पर निर्भर प्रकृति पुत्रों को झूठे वायदों का निशाना कांग्रेस ने बनाया, जो आज कोई भी वादा पूरा करने की नियत भी नहीं रखती। बीते ढाई साल में आदिवासियों की नृशंस हत्या व बलात्कार जैसी घटनायें बढी़ है।

श्री कश्यप ने कहा कि इन सब बातों को लेकर आज घेराव व प्रदर्शन किया गया और ज्ञापन भी सौंपा गया है। आज घेराव व प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सुभाऊ कश्यप अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष महेश कश्यप, उपाध्यक्ष अरुण नेताम, जितेन्द्र पाणिग्रही, कोषाध्यक्ष चेतराम नाग, भुवनेश्वर ध्रुव, दुशासन, रामचंद्र नाग, गंगा पुजारी, रामचंद्र कश्यप, पांडू सिरहा आदि सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।

 


अन्य पोस्ट