बस्तर

16वें वित्त आयोग की राशि और जल जीवन मिशन के काम पूरे करने की मांग, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
11-May-2026 10:45 PM
16वें वित्त आयोग की राशि और जल जीवन मिशन के काम पूरे करने की मांग,  कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 11 मई। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य और ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला के नेतृत्व में जनपद सदस्यों ने विकासखंड दरभा में 16वें वित्त आयोग की राशि जारी करने तथा जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य पूरे कराने की मांग को लेकर अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि 16वें वित्त आयोग की राशि का आवंटन नहीं होने से ग्राम पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के अनुसार नाली निर्माण, सीसी रोड, स्वच्छता कार्य, पेयजल योजनाओं और सार्वजनिक संपत्तियों के रखरखाव में कठिनाई आ रही है। उन्होंने पंचायतों को समय पर राशि जारी करने और प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में जल जीवन मिशन के तहत अधूरे कार्यों का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कई ग्राम पंचायतों में पाइपलाइन और पानी टंकियों का कार्य अधूरा है, जिसके कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई गांवों में लोग नदी, नाले और झरिया के पानी पर निर्भर हैं।

कांग्रेस नेताओं ने जल जीवन मिशन के कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने मांग की कि बंद पड़ी नल-जल योजनाओं को शीघ्र शुरू किया जाए और ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान टीवी रवि, मानसिंह बघेल, मुन्ना लाल कश्यप, अल्ताफ उल्ला खान, विजेन्द्र ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट