बस्तर

गंगामुंडा तालाब केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि जगदलपुर की आत्मा और सांस्कृतिक पहचान है - किरण सिंह देव
11-May-2026 10:47 PM
गंगामुंडा तालाब केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि जगदलपुर की आत्मा और सांस्कृतिक पहचान है - किरण सिंह देव

नगर निगम तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए लगातार प्रयासरत- संजय पांडे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 11 मई। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत शहर के ऐतिहासिक गंगामुंडा तालाब के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भूमिपूजन सोमवार को विश्वकर्मा मंदिर परिसर के समीप किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव तथा महापौर संजय पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

करीब 3 करोड़ 45 लाख 96 हजार रुपये की लागत से होने वाले इन निर्माण कार्यों में तालाब परिसर में पाथवे निर्माण, डामरीकरण और टो वॉल निर्माण शामिल हैं। इनमें लगभग 1 करोड़ 97 लाख 84 हजार रुपये की लागत से पाथवे एवं डामरीकरण तथा 1 करोड़ 48 लाख 12 हजार रुपये की लागत से टो वॉल का निर्माण कराया जाएगा।

करीब 175 एकड़ क्षेत्र में फैला गंगामुंडा तालाब जगदलपुर शहर की सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान माना जाता है। नगर निगम द्वारा समय-समय पर तालाब की सफाई और संरक्षण कार्य किए जाते रहे हैं। विशेष रूप से छठ पर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूर्य उपासना के लिए पहुंचते हैं, जिससे तालाब का धार्मिक महत्व भी बढ़ जाता है।

इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि गंगामुंडा तालाब केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि जगदलपुर की आत्मा और सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने बताया कि पूर्व में तालाब का गहरीकरण, पगडंडी को सीसी रोड में परिवर्तित करना, पौधारोपण और टो वॉल निर्माण जैसे कार्य कराए गए थे। वार्डवासियों की मांग पर छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए घाटों का निर्माण भी कराया गया था। अब नगर निगम द्वारा तालाब को नया स्वरूप देने की दिशा में व्यापक सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं।

महापौर संजय पांडे ने कहा कि हमने बनाया है, हम ही इसे सँवारेंगे उन्होंने बताया कि नगर निगम तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। तालाब क्षेत्र में अवैध निर्माण पर रोक लगाने के साथ इसे शहर का सबसे सुंदर और स्वच्छ तालाब बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि तालाब की पूरी परिधि में पाथवे और स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे। साथ ही गंदे पानी के प्रवाह को पूरी तरह रोककर बरसात के स्वच्छ पानी से तालाब को भरने की योजना बनाई गई है। भविष्य में यहां वाटर एडवेंचर और मोटर बोट संचालन की भी योजना है।

कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, स्वच्छता सभापति लक्ष्मण झा, राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज सहित नगर निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट