बस्तर
जगदलपुर, 29 नवम्बर। आमजन को फिटनेस के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आज 241 वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सेड़वा द्वारा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत संडे ऑन साइकिल थीम पर आधारित इस विशेष अभियान में जवानों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों का भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
साइकिल रैली का शुभारंभ 241 वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार ने वाहिनी मुख्यालय सेड़वा से हरी झंडी दिखाकर किया। वाहिनी मुख्यालय से प्रारंभ हुई यह रैली सेड़वा ग्राम के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जिससे पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति एक सकारात्मक माहौल बन गया।
इस अवसर पर संदेश दिया गया कि साइकिलिंग एक अत्यंत सरल, सुलभ और पर्यावरण-अनुकूल शारीरिक गतिविधि है। इसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर न केवल व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ और चुस्त रख सकता है, बल्कि एक फिट और स्वस्थ भारत के निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा सकता है।
रैली के दौरान उप कमांडेंट प्रमोद कुमार मीणा सहित वाहिनी के अन्य अधीनस्थ अधिकारी, जवान और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने कदम से कदम मिलाते हुए इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाया।