बस्तर
जगदलपुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ के अंतर्गत व्याख्याता के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आगामी रविवार 29 नवंबर को लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषयों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के नेतृत्व में बस्तर जिला प्रशासन ने इस परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिसके तहत जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और इन केंद्रों पर 3 हजार 771 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
जगदलपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में बनाए गए इन 15 केंद्रों में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा नं. 02 (360 सीटें), झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय धरमपुरा नं. 03 (360 सीटें), शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय शांति नगर (277 सीटें), शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल क्र.-1 (360 सीटें) और शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकण्डरी स्कूल जगदलपुर (360 सीटें) शामिल हैं। इनके अलावा सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल क्र.-2 राजेन्द्र नगर वार्ड (300 सीटें), स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमपुरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कैम्पस (115 सीटें), स्वामी विवेकानंद शासकीय एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल अग्रसेन चौक (357 सीटें), स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट हिन्दी मीडियम स्कूल रेलवे कॉलोनी (240 सीटें) और शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल आड़ावाल (124 सीटें) को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। साथ ही शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल भगत सिंह सिविल लाईन पथरागुड़ा (235 सीटें), बाल विहार हायर सेकण्डरी स्कूल बालाजी वार्ड (179 सीटें), निर्मल हायर सेकण्डरी स्कूल लालबाग (184 सीटें), क्रांतिकारी ढेबरीधूर कॉलेज उद्यानिकी एवं अनुसंधान केन्द्र धरमपुरा 02 (180 सीटें) और शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल आसना (140 सीटें) में भी परीक्षा संपन्न होगी।