बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 25 नवंबर। बस्तर की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026 (बस्तर ओलंपिक 3.0) का जिला स्तरीय आयोजन बुधवार को इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में शुरू हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने बस्तर और बकावंड ब्लॉक के बीच फुटबॉल मैच के दौरान किक मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भारोत्तोलक पालेश नाग ने खिलाडिय़ों को खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की शपथ दिलाई।
25 और 26 नवंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में जिले के सात विकासखंडों से चयनित दो हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन जूनियर (10 से 17 वर्ष) तथा दूसरे दिन सीनियर वर्ग के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिताएं एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, तीरंदाजी, भारोत्तोलन और कराटे सहित 11 खेल विधाओं में आयोजित की जा रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर दे रहा है। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ शिक्षा पर भी ध्यान देने की अपील की। इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने कहा कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती, गांवों में भी उत्कृष्ट खिलाड़ी मौजूद हैं। वहीं अन्य जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया।
आयोजन में खिलाडिय़ों की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए बताया गया कि बस्तर जिले में पंजीकृत खिलाडिय़ों की संख्या 2024 में 37,650 से बढक़र 2025 में 95,587 और 2026 में 1,04,841 हो गई है। प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार, मेडल और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। दलीय खेलों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: 4 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपये मिलेंगे। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में यह राशि क्रमश: 2 हजार, 1,500 और 1 हजार रुपये निर्धारित है। सर्वाधिक पदक जीतने वाले विकासखंड को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी दी जाएगी। जिला स्तर पर विजेता खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति बनवासी मौर्य, कलेक्टर आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।