बस्तर

व्याख्याता भर्ती परीक्षा, बस्तर में साढ़े 3 हजार अभ्यर्थी हुए शामिल
29-Nov-2026 9:49 PM
व्याख्याता भर्ती परीक्षा, बस्तर में साढ़े 3 हजार अभ्यर्थी हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 29 नवंबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत व्याख्याता के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए रविवार को लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। बस्तर जिले के जगदलपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में बनाए गए कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में पंजीकृत 3,771 अभ्यर्थियों में से 3,426 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 345 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक चली इस परीक्षा में हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषयों के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।

कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में उक्त परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। निर्धारित समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थियों की मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच व फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया गया और परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले यानी सुबह 9.30 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। ड्रेस कोड के तहत हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आए अभ्यर्थियों को ही भीतर जाने की अनुमति मिली, जबकि आभूषण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, जूते-मोजे और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बाहर ही रखवा लिए गए। सुबह 9.43 बजे तक सभी केंद्रों के कक्षों में परीक्षार्थियों के बैठने, प्रश्नपत्र-पुस्तिका वितरण और वीक्षकों द्वारा पहचान पत्र व प्रवेश पत्र सत्यापन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की गई।

परीक्षा केंद्रवार उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार, शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा (360 पंजीकृत) में 319 उपस्थित और 41 अनुपस्थित रहे, जबकि झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज धरमपुरा नं. 03 (360 पंजीकृत) में 310 उपस्थित और 50 अनुपस्थित रहे। इसी तरह शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय (277 पंजीकृत) में 255, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल (360 पंजीकृत) में 322 और शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकण्डरी स्कूल जगदलपुर (360 पंजीकृत) में 326 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसके अतिरिक्त सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल क्र.-2 राजेन्द्र नगर वार्ड में 300 में से 274, स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स धरमपुरा में 115 में से 104, स्वामी विवेकानंद शासकीय एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल अग्रसेन चौक में 357 में से 332 और स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट हिन्दी मीडियम स्कूल रेलवे कॉलोनी में 240 में से 227 परीक्षार्थी, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल आड़ावाल में 124 में से 116, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल भगत सिंह सिविल लाइन पथरागुड़ा में 235 में से 217, बाल विहार हायर सेकण्डरी स्कूल बालाजी वार्ड में 179 में से 161, निर्मल हायर सेकण्डरी स्कूल लालबाग में 184 में से 172, क्रांतिकारी ढेबरीधूर कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन धरमपुरा-2 में 180 में से 156 तथा शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल आसना में 140 में से 135 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।


अन्य पोस्ट