बस्तर

पीटीएस लालबाग में जवानों ने किया रक्तदान
25-Nov-2026 11:16 PM
पीटीएस लालबाग में जवानों ने किया रक्तदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 25 नवंबर। मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की मदद के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस प्रशिक्षण शाला (पीटीएस), लालबाग जगदलपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। महारानी अस्पताल जगदलपुर और पुलिस प्रशिक्षण शाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में जवानों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी सकारात्मक भूमिका निभाई।

 शिविर के दौरान जवानों ने यह महत्वपूर्ण संदेश दिया कि एक रक्तदान, किसी की जान बचा सकता है और जरूरत के समय समय पर किया गया रक्तदान किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकता है। प्रशिक्षण और अनुशासन के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति जवानों की इस तत्परता ने उपस्थित लोगों को भी प्रेरित किया और यह संदेश दिया कि सेवा भाव ही सच्ची मानवता है।

शिविर में सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक महारानी अस्पताल जगदलपुर डॉ. संजय प्रसाद और सेनानी पुलिस प्रशिक्षण शाला एमआर मंडावी के कुशल मार्गदर्शन में महारानी अस्पताल के चिकित्सकों तथा पुलिस प्रशिक्षण शाला के अन्य अधिकारियों ने अपनी सेवाएं प्रदान की। अस्पताल की टीम के सहयोग और समन्वय से सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में रक्त संग्रहण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों और युवाओं को भी नियमित रक्तदान करने तथा इस पुनीत कार्य से जुडऩे का संदेश दिया गया। इस अवसर पर पीटीएस के अधिकारी-कर्मचारी तथा महारानी अस्पताल जगदलपुर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट