बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 27 नवंबर। राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में स्थित रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर हटकोटी में आयोजित 10 दिवसीय एडवेंचर कैंप में छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के एनएसएस कैडेट साहसिक गतिविधियों में बढ़-चढक़र हिस्सा ले रहे हैं। इसी कड़ी में शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जगदलपुर के एनएसएस कैडेट भुवनेश्वर कश्यप ने चांशल की पहाडिय़ों में लगभग 6 किलोमीटर की कठिन पैदल ट्रेकिंग कर समुद्र तल से 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का शानदार परिचय दिया।
दुर्गम पहाड़ी रास्तों, कठिन चढ़ाई और चुनौतीपूर्ण प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच यह ट्रेकिंग कैडेट के लिए एक बड़ी साहसिक उपलब्धि रही। हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखलाओं और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के बीच इस ऊंचाई तक पहुंचना उनके लिए जीवन का यादगार अनुभव बन गया।
इस दौरान भुवनेश्वर कश्यप ने चांशल की पहाडिय़ों में राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर प्रदर्शित किया। बस्तर की धरती से निकलकर हिमाचल प्रदेश की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं तक पहुंचकर उन्होंने अपने महाविद्यालय, बस्तर जिले एवं छत्तीसगढ़ राज्य का गौरव बढ़ाया।
हिमाचल प्रदेश के रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर हटकोटी में आयोजित इस 10 दिवसीय एडवेंचर कैंप में कैडेटों को विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें पर्वतीय ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग, रस्सियों के सहारे पहाड़ी गतिविधियां, टीम वर्क, अनुशासन एवं आपसी सहयोग जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, शारीरिक दक्षता और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित किया जा रहा है।
इस उपलब्धि के लिए शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश देवांगन का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है।