बस्तर

मातृ और शिशु स्वास्थ्य को संबल, तोकापाल में ‘पोषित गर्भ’ कार्यक्रम शुरू
29-Nov-2026 9:48 PM
मातृ और शिशु स्वास्थ्य को संबल, तोकापाल में ‘पोषित गर्भ’ कार्यक्रम शुरू

जगदलपुर, 29 नवंबर। नीति आयोग की मंशा के अनुरूप आकांक्षी विकासखंड तोकापाल में गर्भवती माताओं के बेहतर पोषण और सुरक्षित मातृत्व के उद्देश्य से ‘पोषित गर्भ’ कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है। शनिवार, 28 नवंबर को शुरू हुए इस अभियान का शुभारंभ बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  तन्मय खन्ना और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के मार्गदर्शन में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ साव के नेतृत्व में किया गया।

तोकापाल विकासखंड को पाँच क्लस्टरों में विभाजित कर ग्राम पंचायत छापर भानपुरी, करंजी, कलेपाल और मावलीभाटा में इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जहाँ जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामबती भंडारी तथा अन्य क्लस्टरों की संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने कार्यक्रम की शुरुआत की। शुभारंभ के दौरान उपस्थित गर्भवती माताओं को सभी के समक्ष अंडा, पौष्टिक लड्डू, प्रोटीन पाउडर और विटामिन सिरप प्रदान किया गया। यह पौष्टिक आहार उन्हें लगातार 180 दिनों यानी छह माह तक स्वास्थ्य कार्यकर्ता या मितानिन की निगरानी में सामने खिलाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान माताओं को पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी दी गई, ताकि गर्भावस्था में सही खानपान के प्रति जागरूकता बढ़े और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके। संबंधित स्थलों पर आयोजित इस पहल में क्षेत्र के सरपंच, सेक्टर चिकित्सा प्रभारी, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य अमला मौजूद रहा।


अन्य पोस्ट