बस्तर
इंद्रावती पर पुल निर्माण शुरू नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 6 मई। ग्राम पंचायत करंजी-घाटकेवाली के बीच इंद्रावती नदी पर पुल निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से पुल की मांग के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय ग्रामीण रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं। खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक बनी हुई है।
बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कट जाता है। उन्हें घूम कर शहर जाना पड़ता है। ग्रामीण पद्मनाथ कश्यप ने बताया जा रहा है कि इंद्रावती नदी पर पुल निर्माण के लिए नींव की खुदाई भी की जा चुकी है, लेकिन इसके बाद कार्य आगे नहीं बढ़ा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल निर्माण शुरू कराने की मांग की है, ताकि आवागमन आसान हो सके और किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।


