बस्तर

जगदलपुर : सडक़ हादसे में 3 मौत
22-Apr-2026 5:24 PM
जगदलपुर : सडक़ हादसे में 3 मौत

6 मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 22 अप्रैल।
बस्तर जिले के किलेपाल क्षेत्र में एक सडक़ दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। बास्तानार ब्लॉक मुख्यालय के समीप बड़े किलेपाल हाई स्कूल के सामने सोमवार रात करीब 7 से 8 बजे के बीच हुए भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की जान अलग सडक़ दुर्घटना में चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाई स्कूल के सामने एनएच-63 पर एक ट्रैक्टर खड़ा था, जिसमें बामन मंडावी और झिलू मांडवी बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप वाहन ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर पलट गया और उसमें सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक बामन मंडावी, किलेपाल जुन्नाटप्पा बेट्टी पारा निवासी था, जिसके तीन छोटे बच्चे असील (12 वर्ष), करिश्मा (9 वर्ष) और एक नवजात बेटी हैं। वहीं झिलू मांडवी के पीछे भी तीन बच्चे—अमित (13 वर्ष), अरुण (10 वर्ष) और अंजलि (6 वर्ष) रह गए हैं, जो अब अनाथ हो गए हैं।

इसी तरह एक अन्य दुर्घटना में पालानार निवासी कैलाश यादव की भी मौत हो गई। वह सुबह करीब 5 बजे केशलूर की ओर जा रहा था, तभी काटा कांदा और डिलमिली के बीच एक इनोवा वाहन से टक्कर हो गई। कैलाश यादव अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और उसके पीछे एक 6 वर्षीय बेटी कृतिका यादव है।
बताया जा रहा है कि किलेपाल की दुर्घटना में शामिल पिकअप (क्रमांक सीजी 18 एच 0978) जगदलपुर से भैरमगढ़ की ओर किराना सामान लेकर जा रहा था। हादसे में घायल ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के बाद डिमरापाल रेफर किया गया है।
मंगलवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़े किलेपाल में बीएमओ डॉ. प्रदीप बघेल द्वारा तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।


अन्य पोस्ट