बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 8 फरवरी। जगदलपुर शहर में शनिवार को राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। इसी दिन शहर के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की चार घटनाएं सामने आईं। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति की ड्यूटी के दौरान नगर सेना को चार अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की सूचनाएं मिलीं। नगर सेना सेनानी संतोष मार्बल के निर्देश पर जवानों को तुरंत संबंधित स्थानों के लिए रवाना किया गया। फायर टीमों ने सभी स्थानों पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई की।
पहली घटना दोपहर में नगरनार क्षेत्र के ग्राम आमागुड़ा ब्राम्हनी में हुई, जहां तुलाराम नामक व्यक्ति के लगभग तीन एकड़ पैरावट में आग लग गई थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को नियंत्रित किया।
दूसरी घटना परपा थाना क्षेत्र के ग्राम टेकामेटा स्थित ऑक्सीजन पार्क के पास झाडिय़ों में आग लगने की बताई गई। इस सूचना पर पानी से भरे टैंकर के साथ टीम को भेजा गया और आग बुझाने की कार्रवाई की गई।
तीसरी घटना सरगीपाल फॉरेस्ट डिपो में हुई, जहां लकडिय़ों में आग लगने की सूचना मिली। बताया गया कि इस घटना में लगभग सात लाख रुपये मूल्य की लकड़ी जल गई। चौथी घटना शाम के समय मारेंगा बाइपास के पास स्थित शंभूनाथ के मोटरसाइकिल गैरेज में आग लगने की थी। फायर ब्रिगेड के जवानों ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
इन सभी घटनाओं में फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमों ने कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका।


